बिलासपुर में खनिज माफिया पर अब तक की सबसे बड़ी चोट! 14 वाहन जब्त, करोड़ों का अवैध कारोबार ध्वस्त
बिलासपुर में खनिज माफिया पर अब तक की सबसे बड़ी चोट! 14 वाहन जब्त, करोड़ों का अवैध कारोबार ध्वस्त

बिलासपुर, 25 मार्च 2026: कलेक्टर महोदय के सीधा निर्देश और उप संचालक महोदय के सख्त मार्गदर्शन के बाद, बिलासपुर जिले में खनिज विभाग ने अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ एक अभूतपूर्व अभियान चलाया है। पिछले 72 घंटों (23, 24 और 25 मार्च 2026) के दौरान की गई ताबड़तोड़ कार्रवाई में, 01 अत्याधुनिक जेसीबी मशीन, 03 भारी-भरकम हाईवा ट्रकों और 10 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों सहित कुल 14 वाहनों को जब्त कर लिया गया है। इस मेगा-ऑपरेशन ने जिले में सक्रिय खनिज माफिया की कमर तोड़ दी है और अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों में खलबली मचा दी है।


खनिज विभाग की विशेष टीम ने काठकोनी, देवरीखुर्द, खम्हरिया, सकरी, निरतु, सेंदरी, मंगला, तुरकाडीह, लोखंडी, लोफण्डी, दर्रीघाट, लावर, जयरामनगर कोटा, करही कच्छार और पहंदा जैसे खनिज-समृद्ध और संवेदनशील क्षेत्रों को निशाना बनाया। इन क्षेत्रों से हो रहे करोड़ों रुपये के अवैध उत्खनन और परिवहन पर यह सीधी कार्रवाई है।

कार्रवाई का विस्तृत ब्यौरा, जो माफिया को डरा देगा:
खम्हरिया क्षेत्र: मिट्टी का अवैध उत्खनन करते हुए एक जेसीबी और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके पर ही धर दबोचा गया।
सकरी क्षेत्र: खनिज मिट्टी और ईंट का अवैध परिवहन करते दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गईं, जो बड़े पैमाने पर हो रही चोरी का संकेत देती हैं।
जयरामनगर क्षेत्र: गिट्टी के अवैध परिवहन में लिप्त तीन हाईवा और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी गईं। ये हाईवा हजारों टन गिट्टी ढोने में सक्षम थे।
सेंदरी क्षेत्र: रेत का अवैध परिवहन कर रही तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया गया।

करही कच्छार, पहंदा और लोफण्डी क्षेत्र:
इन तीनों क्षेत्रों से भी रेत का अवैध परिवहन करते हुए एक-एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया गया, जिससे स्पष्ट है कि अवैध रेत खनन का जाल कितना फैला हुआ था।

कुल 14 जब्त वाहनों को पुलिस थाना कोनी, कोटा, पुलिस सहायता केंद्र केंदा और जांच चौकी लावर की सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया है। जिला प्रशासन ने यह साफ कर दिया है कि खनिजों की इस लूट पर पूर्ण विराम लगाने के लिए ऐसी कठोर और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी। अवैध उत्खनन, परिवहन या भंडारण में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह सिर्फ एक शुरुआत है, खनिज माफिया के खिलाफ जंग जारी रहेगा





