Welcome to CHHATTISGARH JANTA KI AWAAZ NEWS   Click to listen highlighted text! Welcome to CHHATTISGARH JANTA KI AWAAZ NEWS
छत्तीसगढ़टॉप न्यूज़मल्हारमस्तूरीलोकल न्यूज़

मुख्यमंत्री की पहल से पुनर्जीवित हुआ मल्हार महोत्सव, पहले दिन लोक संस्कृति के रंगों से सराबोर हुआ मल्हार

मां डिंडेश्वरी की पूजा-अर्चना के साथ हुआ भव्य शुभारंभ, विधायक धरमलाल कौशिक रहे मुख्य अतिथि

बिलासपुर, 28 मार्च 2026 / ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक नगरी मल्हार में आयोजित मल्हार महोत्सव का शुभारंभ श्रद्धा, उत्साह और परंपरा के संगम के साथ हुआ। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल पर वर्षों बाद पुनः जीवंत हुए इस महोत्सव की शुरुआत मां डिंडेश्वरी के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर की गई, जिसमें क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की गई।

 कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिल्हा विधायक श्री धरमलाल कौशिक ने अपने संबोधन में मल्हार की ऐतिहासिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह क्षेत्र प्राचीन काल से ही समृद्ध सांस्कृतिक एवं पुरातात्विक धरोहरों के लिए प्रसिद्ध रहा है। उन्होंने बताया कि मल्हार महोत्सव मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल पर ही फिर से शुरू हुआ है। 

 श्री कौशिक ने जानकारी दी कि यहां हुई पुरातात्विक खोजों में ताम्रपाषाण काल के अवशेष प्राप्त हुए हैं, जो इस क्षेत्र की प्राचीन सभ्यता और जीवन शैली को दर्शाते हैं। प्राचीन मिट्टी के बर्तन, औजार एवं अन्य उपयोगी वस्तुएं उस समय के मानव जीवन, कृषि एवं संस्कृति की महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करती हैं।

 जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति

 इस अवसर पर बेलतरा विधायक श्री सुशांत सिंह शुक्ला, मस्तुरी विधायक श्री दिलीप लहरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती धनेश्वरी केवर्त, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह, सीईओ जिला पंचायत श्री संदीप अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री शिव कुमार बैनर्जी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

 सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां, लोक एवं शास्त्रीय कला का दिखा संगम

 मेला ग्राउंड में आयोजित उत्सव के अंतर्गत प्रथम दिवस शाम 5.30 बजे से लेकर रात 11 बजे तक विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां हुईं। कार्यक्रमों की श्रृंखला में लोक एवं शास्त्रीय कला का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिसमें प्रदेश के कलाकारों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

 कार्यक्रम की शुरुआत करमा नृत्य (जय माता दी करमा दल, बेलतरा) से हुई। इसके बाद हमर ज्योति पंथी पार्टी, मुंगेली द्वारा पंथी नृत्य प्रस्तुत किया गया। शास्त्रीय संगीत में डॉ. तोपराज पटेल ने अपनी प्रस्तुति दी, वहीं सृष्टि अंचल पाण्डेय, बिलासपुर द्वारा ओडिसी नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। स्वाति सोनी लोककला मंच की प्रस्तुति ने भी दर्शकों को खूब आकर्षित किया। श्री शिवकुमार तिवारी एवं साथियों के कार्यक्रम के साथ ही सुनील सोनी स्टार नाइट ऑर्केस्ट्रा विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

 लोकगीत, लोकनृत्य एवं रंगारंग प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण उत्सवमय हो उठा। कार्यक्रम में भाग लेने वाले कलाकारों को अतिथियों द्वारा शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की गई।

 आयोजकों ने बताया कि कल भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला जारी रहेगा।

 

(Neeraj Kumar Tiwari Editor-in-Chief)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!