Welcome to CHHATTISGARH JANTA KI AWAAZ NEWS   Click to listen highlighted text! Welcome to CHHATTISGARH JANTA KI AWAAZ NEWS
कोंडागांवछत्तीसगढ़टॉप न्यूज़

कोंडागांव जिले में विकास कार्यों पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव की समीक्षा: बोले- केशकाल घाट बायपास से बदलेगी तस्वीर, अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं योजनाओं का लाभ

मानसून पूर्व कोंडागांव, केशकाल, फरसगांव में नाली सफाई और शुद्ध पेयजल के निर्देश, जल जीवन मिशन में ढिलाई पर जताई नाराजगी

कोंडागांव, 6 जून 2026. उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने शुक्रवार को कोंडागांव जिला मुख्यालय में लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के कार्यों की मैराथन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक कहा कि प्रभावी कार्यशैली और नई तकनीकों को अपनाकर जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

श्री साव ने कहा कि कोंडागांव जिला विकास की असीम संभावनाओं से परिपूर्ण है। नक्सलवाद के कारण यह क्षेत्र लंबे समय तक विकास से वंचित रहा, लेकिन अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं। केशकाल घाट बायपास के निर्माण से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी, इसलिए भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करें।

बैठक के प्रमुख निर्देश:

नगरीय निकाय: कोंडागांव, केशकाल और फरसगांव नगर पालिकाओं में वर्षा ऋतु से पहले नालियों की सफाई हर हाल में पूर्ण करें। नागरिकों को शुद्ध पेयजल मिले, इसके लिए पानी की गुणवत्ता की नियमित जांच हो। अधिकारियों को अनिवार्य रूप से प्रातः भ्रमण कर जमीनी हकीकत देखने को कहा। रेन वाटर हार्वेस्टिंग के कार्यों को मिशन मोड में पूरा करें और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का व्यापक प्रचार कर पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करें।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी: जल जीवन मिशन के कार्यों में अपेक्षित प्रगति न होने पर उप मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने सभी निर्माण एवं पेयजल योजनाओं का नियमित फील्ड निरीक्षण करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।

लोक निर्माण: निर्माणाधीन सड़कों, पुल-पुलिया एवं भवनों के कार्यों में तेजी लाकर उन्हें निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने को कहा।

खेल एवं युवा कल्याण: जिले में खेल गतिविधियों का समन्वित और प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों तक विकास की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए सभी अधिकारी पूरी ऊर्जा, क्षमता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें। शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है और इसके लिए टीम भावना के साथ काम करना आवश्यक है।

बैठक में जल प्रदाय परियोजनाओं, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट निर्माण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी, आकांक्षी शौचालय निर्माण, राजस्व वसूली, राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

इस दौरान कोंडागांव कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता शोरी सहित चारों विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!