Welcome to CHHATTISGARH JANTA KI AWAAZ NEWS   Click to listen highlighted text! Welcome to CHHATTISGARH JANTA KI AWAAZ NEWS
Bilaspur chhattisgarhब्रेकिंग न्यूज़

बिलासपुर में सड़क सुरक्षा पर सख्ती: अवैध पार्किंग-ढाबों पर चलेगा अभियान, 6 महीने में 151 मौतों के बाद कलेक्टर का अल्टीमेटम

बिलासपुर में सड़क हादसों पर कलेक्टर की चेतावनी: अवैध पार्किंग और ढाबों पर कसेगा शिकंजा, 151 मौतों के बाद सख्ती

बिलासपुर, 12 जून 2026 :- जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम कसने के लिए प्रशासन अब सख्त मोड में है। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने साफ कहा कि सड़क सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शुक्रवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर और एसएसपी रजनेश सिंह ने नेशनल हाईवे से लेकर ग्रामीण सड़कों तक के हालात की विस्तृत समीक्षा की।

अवैध पार्किंग बनी सबसे बड़ी वजह, ढाबों को देना होगा पार्किंग स्पेस  

बैठक में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि नेशनल हाईवे पर अवैध रूप से खड़े ट्रक और भारी वाहन हादसों की सबसे बड़ी वजह हैं। यह नागरिकों के जीवन के अधिकार से जुड़ा गंभीर मामला है। अब वाहन सिर्फ तय पार्किंग और ले-बाय में ही खड़े हो सकेंगे। पहले वाहन मालिकों को चेतावनी दी जाएगी, फिर नियम तोड़ने पर सख्त कार्रवाई होगी।

सड़क किनारे चल रहे ढाबों और होटलों से भी अवैध पार्किंग बढ़ रही है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि ऐसे सभी प्रतिष्ठानों को खुद पार्किंग की व्यवस्था करनी होगी। जरूरत पड़ी तो निजी भूमि मालिकों की सहमति से भी पार्किंग विकसित की जाएगी। साथ ही सरकारी जमीन का सर्वे कर पार्किंग के लिए जगह चिन्हित करने को कहा गया है।

बरसात में मवेशियों से बढ़ेगा खतरा, गौठानों को अलर्ट पर रखा जाए  

मानसून को देखते हुए कलेक्टर ने सड़कों पर घूमने वाले मवेशियों के प्रबंधन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बारिश में मवेशियों के कारण हादसों का खतरा बढ़ जाता है। इसके लिए गोधन आश्रय स्थलों, गौठानों और गोधामों को तैयार रखने के निर्देश दिए। वहां सफाई, लाइट और चारे-पानी का पूरा इंतजाम करने को कहा। पेट्रोलिंग टीम और फ्लाइंग स्क्वॉड को नियमित निगरानी करने और अवैध ढाबों पर कार्रवाई के आदेश भी दिए गए।

6 महीने में 151 मौतें, रतनपुर-तखतपुर-मस्तूरी बने हॉटस्पॉट  

एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि इस साल सड़क हादसों में कमी आई है, लेकिन अभी सुधार की बहुत गुंजाइश है। पिछले छह महीने में जिले में सड़क हादसों में 151 लोगों की जान गई है। सबसे ज्यादा हादसे और मौतें रतनपुर, तखतपुर और मस्तूरी थाना क्षेत्रों में हुई हैं। थाना-वार समीक्षा कर सभी विभागों को सुधार के निर्देश दिए गए हैं।

एसएसपी ने माना कि नशे में गाड़ी चलाना हादसों की बड़ी वजह बन रहा है। ऐसे मामलों में सिर्फ चालान नहीं, जरूरत पड़ने पर FIR भी दर्ज की जाएगी। सभी विभागों को टीम भावना से काम करने को कहा गया है

टोल बचाने ग्रामीण सड़कों पर दौड़ रहे भारी वाहन, होगी कार्रवाई  

बैठक में सामने आया कि टोल टैक्स बचाने के लिए कई भारी वाहन ग्रामीण सड़कों का इस्तेमाल कर रहे हैं। इससे सड़कें टूट रही हैं और हादसों का खतरा बढ़ रहा है। एसएसपी ने ऐसे वाहनों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

दुर्घटनामुक्त बिलासपुर का संकल्प  

बैठक में नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत CEO संदीप अग्रवाल, सभी एसडीएम, एसडीओपी, थाना प्रभारी, NHAI, परिवहन, पशु चिकित्सा समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने सड़क सुरक्षा को जन आंदोलन बनाने और बिलासपुर को दुर्घटनामुक्त करने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!