कोरबा: सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव टला, दो महिला पंचों के लापता होने से गांव में भारी तनाव!
कोरबा: सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव टला, दो महिला पंचों के लापता होने से गांव में भारी तनाव!

कोरबा के करूमोहा गांव में सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग होनी थी, लेकिन हालात ऐसे बिगड़े कि तहसीलदार को मतदान रद्द करना पड़ा. बुधवार की सुबह जब तहसीलदार वोटिंग कराने पहुंचे, तो पता चला कि दो महिला पंच लापता हैं. गांव में तनाव का माहौल देख प्रशासन ने अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया ही स्थगित कर दी है.

जानकारी के मुताबिक, पहले एक महिला पंच अपने पति और बच्चे के साथ गायब हो गई थीं, जिसके बाद परिजनों ने वर्तमान सरपंच पर अपहरण का आरोप लगाया था. आज अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान के दिन एक और महिला पंच के लापता होने की खबर सामने आई. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची.

भैसमा तहसीलदार के.के. लहरे ने बताया कि पंचों द्वारा दो महिला पंचों के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई गई है, और गांव में तनावपूर्ण स्थिति है. ऐसे माहौल में अविश्वास प्रस्ताव की कार्यवाही को रद्द कर दिया गया है. आगे का फैसला सक्षम अधिकारी करेंगे. किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.

वार्ड नंबर 10 के पंच नेमा पैकरा ने बताया कि सरपंच कविता खांडे के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित हुआ था और 25 तारीख को मतदान होना था. मतदान से पहले ही एक पंच के लापता होने की शिकायत पुलिस से की गई थी.
लापता पंच निर्मला बाई की सास उषा बाई ने आरोप लगाया कि उनकी बहू, बेटा और बच्चा 16 तारीख को सरपंच कविता और कुछ अन्य लोगों के साथ चंद्रपुर में देवी दर्शन के लिए निकले थे, लेकिन अभी तक वापस नहीं आए हैं. उनके पास मोबाइल भी नहीं है. उन्होंने पुलिस से शिकायत की थी, जिसके बाद रजगामार चौकी प्रभारी लक्ष्मण खूंटे ने आज उन्हें वापस लाने की बात कही थी, लेकिन वे नहीं आए, जिसके बाद आज का मतदान रद्द कर दिया गया.




