छत्तीसगढ़ में कांग्रेस नेता के घर देर रात ताबड़तोड़ फायरिंग: बड़े बेटे आयुष कश्यप की हत्या, छोटा बेटा गंभीर, रेत कारोबार से जुड़ी रंजिश की आशंका
जांजगीर-चांपा के करही गांव में 3 नकाबपोश बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम, बहन बोली- हफ्ते भर पहले भी कुछ लोग पूछताछ करने आए थे | आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस ने किया चक्काजाम

जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र के करही गांव में गुरुवार देर रात करीब 12:30 बजे सनसनीखेज वारदात हुई। कांग्रेस नेता और सीमेंट-रेत व्यवसायी सम्मेलाल कश्यप के घर में तीन नकाबपोश बदमाश घुस आए और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

इस हमले में सम्मेलाल के बड़े बेटे आयुष कश्यप को दो गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। छोटे बेटे आशुतोष कश्यप को भी गोली लगी है। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
बहन ने बताई आंखों देखी
मृतक आयुष की बहन प्रेरणा कश्यप ने बताया कि हमलावर नकाब पहने हुए थे और सीधे आयुष को निशाना बनाकर फायरिंग की। पहले आयुष को गोली मारी गई, उसके बाद छोटे भाई आशुतोष पर भी फायर किया गया।
प्रेरणा के मुताबिक, लगभग एक सप्ताह पहले भी कुछ अज्ञात युवक गांव में आयुष के बारे में पूछताछ करने आए थे। इससे साफ है कि हमला पहले से प्लान किया गया था।
पुलिस जांच और रेत कारोबार का एंगल
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप, साइबर टीम और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।
मृतक के पिता सम्मेलाल कश्यप पूर्व ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि आयुष हाल ही में रेत के कारोबार में सक्रिय हुआ था। इसी को लेकर किसी तरह के विवाद की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
हत्या के बाद कांग्रेस का प्रदर्शन
शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद आयुष का शव जब गृह ग्राम करही लाया गया, तो माहौल गमगीन हो गया। जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप, जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू समेत कई कांग्रेस नेताओं और परिजनों ने बिर्रा चौक मुख्य मार्ग पर आधे घंटे तक चक्काजाम किया।
प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की। परिवार का रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस का बयान
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हमलावरों की पहचान के लिए हर एंगल से जांच की जा रही है। रेत कारोबार, पुरानी रंजिश और एक सप्ताह पहले हुई पूछताछ, सभी बिंदुओं को जोड़कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। साइबर सेल की मदद से संदिग्धों की लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश हो रही है।
फिलहाल आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी को कोई जानकारी हो तो तुरंत थाना बिर्रा को सूचना दें।




