बेलगहना श्रद्धालु बनकर पहुंची पुलिस, मरही माता मंदिर में 6 शराब तस्कर रंगे हाथ गिरफ्तार
बेलगहना श्रद्धालु बनकर पहुंची पुलिस, मरही माता मंदिर में 6 शराब तस्कर रंगे हाथ गिरफ्तार

बेलगहना | बेलगहना पुलिस ने मरही माता मंदिर, भनवारटंक के पास बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब तस्करी का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मौके से 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 162 लीटर अवैध महुआ शराब और तस्करी में इस्तेमाल एक बाइक जब्त की है। जब्त सामान की कुल कीमत 77,400 रुपए आंकी गई है।

कैसे दिया ऑपरेशन को अंजाम
मरही माता मंदिर क्षेत्र बिलासपुर और पेंड्रा जिले की सीमा पर घने जंगलों और पहाड़ों के बीच स्थित है। तस्कर इस दुर्गम इलाके का फायदा उठाकर लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार कर रहे थे। मंदिर तक पहुंचने का एक ही रास्ता होने के कारण पुलिस के आने की सूचना तस्करों को पहले ही मिल जाती थी।
इस बार बेलगहना पुलिस ने रणनीति बदली। पुलिस टीम पिकअप वाहन में श्रद्धालुओं का भेष धारण कर मौके पर पहुंची। इस फिल्मी अंदाज में की गई रेड से तस्करों को संभलने का मौका नहीं मिला और पुलिस ने घेराबंदी कर सभी को रंगे हाथ दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी और बरामदगी
पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर मो. आसिफ उर्फ लवि खान (30 वर्ष) से 20 लीटर, दीपक पासी (40 वर्ष) से 50 लीटर शराब व एक बाइक, गोरेलाल सुल्तान (50 वर्ष) से 22 लीटर, रंजीत सोनी (18 वर्ष) से 20 लीटर, करीम खान (29 वर्ष) से 20 लीटर और जशवंत सिंह (52 वर्ष) से 30 लीटर महुआ शराब जब्त की। कुल 6 आरोपियों से 162 लीटर अवैध शराब बरामद हुई।
कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक पूछताछ के बाद सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।



