बिलासपुर में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त भंडार, घबराकर खरीदारी न करें : कलेक्टर संजय अग्रवाल 24 घंटे खुलेंगे सभी पेट्रोल पंप, शिकायत के लिए हेल्पलाइन 07752-224150 जारी
बिलासपुर में 5 दिन का पेट्रोल-डीजल स्टॉक, अफवाहों से बचें : कलेक्टर की अपील, सभी पंप 24 घंटे खुलेंगे, हेल्पलाइन 07752-224150 जारी

बिलासपुर में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त भंडार, घबराकर खरीदारी न करें : कलेक्टर संजय अग्रवाल 24 घंटे खुलेंगे सभी पेट्रोल पंप, शिकायत के लिए हेल्पलाइन 07752-224150 जारी

बिलासपुर, 14 मई 2026 :- बिलासपुर जिले में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति को लेकर फैल रही अफवाहों पर प्रशासन ने विराम लगा दिया है। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने स्पष्ट किया है कि जिले में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे घबराहट में अनावश्यक भंडारण न करें और केवल जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल खरीदें।
5 दिन से अधिक का स्टॉक मौजूद
खाद्य नियंत्रक श्री अमृत कुजूर ने बताया कि जिले में वर्तमान में 1191 किलोलीटर पेट्रोल और 1507 किलोलीटर डीजल का स्टॉक उपलब्ध है। जिले में पेट्रोल की दैनिक आवश्यक मात्रा 273 किलोलीटर और डीजल की 419 किलोलीटर है। इस हिसाब से आज की स्थिति में मौजूदा स्टॉक जिले की 5 दिन से अधिक की आवश्यकता को पूरा करने में सक्षम है। जिले में कुल 146 पेट्रोल-डीजल पंप संचालित हैं, जिनमें से केवल 8 पंपों पर अस्थायी रूप से ड्राईआउट की स्थिति बनी थी। इन पंपों पर भी ऑयल कंपनियों के डिपो से लगातार आपूर्ति कर स्टॉक उपलब्ध कराया जा रहा है।
ड्राईआउट की वजह अफवाह और पैनिक खरीदारी
प्रशासन ने बताया कि पिछले दो दिनों में प्रदेश के कुछ पेट्रोल-डीजल पंपों पर ड्राईआउट की स्थिति अफवाह एवं घबराहट के कारण उपभोक्ताओं द्वारा अचानक अधिक मात्रा में खरीदारी किए जाने से निर्मित हुई। इससे मांग में अप्रत्याशित वृद्धि हुई और कुछ स्थानों पर कृत्रिम अभाव की स्थिति बनी।
कलेक्टर ने की समीक्षा, 24 घंटे पंप खोलने के निर्देश
कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने तीनों ऑयल कंपनियों के सेल्स अधिकारियों एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक लेकर जिले में पेट्रोल-डीजल उपलब्धता एवं आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में आवश्यकता के अनुसार मांग एवं खपत के अनुरूप आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए गए। मांग सामान्य होने तक जिले के सभी पेट्रोल पंपों को 24 घंटे संचालन के निर्देश दिए गए हैं।
शिकायत के लिए हेल्पलाइन, लगातार निगरानी
जिले में ईंधन आपूर्ति से संबंधित शिकायतों के निराकरण के लिए कॉल सेंटर नंबर 07752-224150 संचालित किया गया है। कलेक्टर के निर्देश पर ऑयल कंपनियों एवं खाद्य विभाग के अधिकारी लगातार पेट्रोल-डीजल पंपों का निरीक्षण एवं निगरानी कर रहे हैं।
आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार के भ्रम अथवा अफवाह से प्रभावित होकर पैनिक खरीदी या संग्रहण प्रारंभ न करें एवं केवल आवश्यकता के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल वाहनों में रखें। जिले में पेट्रोल एवं डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारु है !
(Neeraj Kumar Tiwari, Editor-in-Chief)




