दंतेवाड़ा में उप मुख्यमंत्री अरुण साव का निरीक्षण दौरा जारी: जावंगा कॉलेज भवन, जल जीवन मिशन और स्वच्छता दीदियों के कार्यों की ली जानकारी, निर्माण में तेजी के निर्देश
4.66 करोड़ की लागत से बन रहे कॉलेज भवन को जल्द पूरा करने पर जोर, टेकनार में नल-जल आपूर्ति जांची, MRF सेंटर में स्वच्छता दीदियों से मिले

दंतेवाड़ा/बस्तर 7 जून 2026: बस्तर संभाग में विकास कार्यों की जमीनी हकीकत परखने निकले उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव के निरीक्षण दौरे का आज तीसरा दिन दंतेवाड़ा जिले में रहा। उन्होंने गीदम के पास जावंगा स्थित शासकीय महाविद्यालय के निर्माणाधीन भवन, ग्राम टेकनार में जल जीवन मिशन के कार्यों और दंतेवाड़ा नगर पालिका के स्वच्छता प्रबंधन कार्यों का बारीकी से जायजा लिया।
जावंगा कॉलेज भवन: गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा करने के निर्देश
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने सबसे पहले जावंगा शासकीय महाविद्यालय के नए भवन के निर्माण कार्य का अवलोकन किया। लोक निर्माण विभाग द्वारा 4 करोड़ 66 लाख रुपए की लागत से यह सर्वसुविधायुक्त कॉलेज भवन तैयार किया जा रहा है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को कार्यों में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए। श्री साव ने कहा कि इस भवन में जल्द से जल्द कक्षाएं शुरू होनी चाहिए, ताकि दंतेवाड़ा के विद्यार्थियों को बेहतर और आधुनिक सुविधाओं वाला कॉलेज मिल सके।
जल जीवन मिशन: घर-घर पहुंचकर देखी नल से जल आपूर्ति
इसके बाद उप मुख्यमंत्री ग्राम टेकनार पहुंचे, जहां उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने गांव के दो घरों में जाकर स्वयं नल से हो रही जल आपूर्ति की जांच की। इस दौरान वे ‘जल अर्पण कार्यक्रम’ में भी शामिल हुए। श्री साव ने ग्राम पंचायत और ग्रामीणों से संवाद कर नल-जल योजना के संचालन-संधारण में सक्रिय जनभागीदारी सुनिश्चित करने को कहा, ताकि योजना का लाभ लंबे समय तक मिलता रहे।
स्वच्छता प्रबंधन: MRF सेंटर पहुंचकर स्वच्छता दीदियों का बढ़ाया हौसला
श्री साव ने दंतेवाड़ा नगर पालिका स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के संचालन का भी जायजा लिया। इसके बाद वे मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (MRF) सेंटर पहुंचे और वहां काम कर रही स्वच्छता दीदियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, कचरे के सेग्रीगेशन की प्रक्रिया और दीदियों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। स्वच्छता दीदियों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने शहर को स्वच्छ रखने में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

निरीक्षण के दौरान विधायक श्री चैतराम अटामी, कलेक्टर श्री देवेश ध्रुव और दंतेवाड़ा नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पायल गुप्ता समेत विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

उप मुख्यमंत्री का यह तीन दिवसीय बस्तर दौरा विकास कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर केंद्रित है, जिससे जमीनी स्तर पर योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन हो सके।




